भारत की टीबी के विरूद्ध लड़ाई

टीबी के बारे में 5 मिथक जिन्हें हर किसी को जानना चाहिए

तपेदिक, या टीबी, जैसा कि इसे कहा जाता है, एक संक्रामक रोग है जो मुख्य रूप से फेफड़ों को प्रभावित करता है लेकिन यह शरीर के किसी भी हिस्से को प्रभावित कर सकता है। माइकोबैक्टीरियम ट्यूबरकुलोसिस के कारण होने वाली यह बीमारी सदियों से मौजूद है और अभी भी दुनिया में सबसे आम बीमारियों में से एक है। बैक्टीरिया धीरे-धीरे संक्रमित व्यक्ति की प्रतिरक्षा प्रणाली को कमजोर बनाते रहते हैं, समय बीतने के साथ लंबे समय से चल रहे संक्रमण के प्रति प्रतिक्रिया देने की इसकी क्षमता समाप्त हो जाती है। दुर्भाग्य से, इस जानलेवा बीमारी से जुड़े कई मिथक भी हैं, हालांकि कुछ ऐसे तथ्य हैं जिनके बारे में हर व्यक्ति को पता होना चाहिए। इन मिथकों के कारण इस बीमारी के प्रति लोगो में बेचैनी और भय फैलता है जो प्रभावित लोगों की उपेक्षा और उचित देखभाल की कमी का कारण बनता है। टीबी के बारे में कई मिथक हैं, जिन्हें दूर करने की जरूरत है। यहां हम टीबी के बारे में पांच सबसे आम मिथकों और उनके पीछे के तथ्यों के बारे में बात करेंगे।

टीबी के बारे में 5 मिथक

मिथक-1: टीबी केवल फेफड़ों को प्रभावित करती है

तथ्य: टीबी केवल फेफड़ों को ही प्रभावित नहीं करती बल्कि यह शरीर के विभिन्न हिस्सों को भी प्रभावित करती है।

  टीबी मुख्य रूप से एक ऐसी स्थिति है जिसमें फेफड़े प्रभावित होते हैं। इससे संबंधित दूसरा पक्ष भी है, जिसे अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है लेकिन वह भी उतना ही महत्वपूर्ण है। यह है एक्स्ट्रापल्मोनरी टीबी का अस्तित्व और उससे संबंधित म्युटेशन या उत्परिवर्तन। एक्स्ट्रापल्मोनरी टीबी शरीर के अन्य हिस्सों जैसे जोड़ों, त्वचा, हड्डियों, मेनिन्जेस, जेनिटोयूरिनरी ट्रैक्ट, पेट, प्लुरा (फेफड़े का आवरण), लिम्फ नोड्स आदि को प्रभावित करती है। प्रमाणों के आधार पर कहें तो टीबी के कुल मामलों में से 15-20 प्रतिशत एक्स्ट्रापल्मोनरी टीबी के होते हैं।

मिथक-2: टीबी का हर मामला संक्रामक होता है

तथ्य: टीबी संक्रामक हैयह इस पर निर्भर करता है कि यह गुप्त है या सक्रिय

  टीबी के बारे में जानने योग्य महत्वपूर्ण तथ्यों में से एक यह है कि इस बीमारी से प्रभावित हर व्यक्ति में इसके लक्षण समान नहीं होते हैं। इससे यह पता चलता है कि जीवाणु से संक्रमित होना और समान लक्षण दिखना दो बहुत अलग चीजें हैं। अनुसंधानों में यह स्पष्ट रूप से उभरकर आया है कि वास्तव में माइकोबैक्टीरियम ट्यूबरकुलोसिस से संक्रमित केवल 5-10 प्रतिशत लोगों में ही उनके जीवन में बाद के चरण में लक्षण विकसित होते हैं। यदि बैक्टीरिया आपको बीमार किए बिना आपके शरीर में जीवित रहता है, तो इस स्थिति को गुप्त टीबी कहा जाता है। इस स्थिति की पहचान होने की संभावना तब तक कम होती है जब तक यह सक्रिय टीबी में परिवर्तित नहीं हो जाती। इसके अतिरिक्त, केवल सक्रिय टीबी वाले लोग ही इस बीमारी को दूसरों तक फैलाते हैं। गुप्त टीबी संक्रमण से पीड़ित व्यक्ति बीमार महसूस नहीं करता है और वह बीमारी को दूसरों तक नहीं पहुंचा सकता क्योंकि उसके शरीर में बैक्टीरिया निष्क्रिय रूप में होता है।

मिथक-3: टीबी लाइलाज है

तथ्य: टीबी को ठीक किया जा सकता हैअगर मरीज को समय पर चिकित्सकीय सहायता मिले

  ज्यादातर लोग सोचते हैं कि एक बार अगर कोई व्यक्ति टीबी से प्रभावित हो जाए तो वह कभी ठीक नहीं हो सकता। यह सच नहीं है। बहुत सारे एंटीबायोटिक्स उपलब्ध हैं जो बैक्टीरिया के विकास को रोकने और उसका उपचार करने में सहायता करते हैं। हालांकि, उपचार और दवाएं टीबी के विभिन्न रूपों के साथ-साथ प्रभावित क्षेत्र, स्थिति की गंभीरता और मरीज के समग्र स्वास्थ्य के अनुसार भिन्न होती हैं। नए टीकों और दवाओं का लगातार निर्माण किया जा रहा है और विश्वभर के शोधकर्ता मरीजों को बेहतर दवाएं उपलब्ध कराने के लिए संयुक्त प्रयास कर रहे हैं। टीबी से राहत पाने के लिए समय पर चिकित्सीय सहायता उपलब्ध होना सबसे महत्वपूर्ण कारक है क्योंकि यह संक्रमण को नियंत्रित करने और अत्यधिक क्षति को रोकने के लिए जरूरी है।

मिथक-4: टीबी आनुवंशिक है

तथ्य: टीबी के विकास में आनुवंशिकी विज्ञान की कोई भूमिका नहीं है

  टीबी किसी व्यक्ति को तब प्रभावित करती है जब टीबी पैदा करने वाले बैक्टीरिया उसके शरीर में प्रवेश कर जाते हैं। हवा में मौजूद छोटी-छोटी बूंदों में मौजूद माइकोबैक्टीरियम ट्यूबरकुलोसिस का श्वसन प्रणाली पर जमाव और प्रतिरक्षा प्रणाली द्वारा शरीर को इन बैक्टीरिया से बचाने में सफल न हो पाना, टीबी होने का कारण बनता है। यह वायु के माध्यम से होता है क्योंकि यह वायु जनित रोग है। यह समझना अत्यंत महत्वपूर्ण है कि टीबी किसी अन्य तरीके से नहीं फैलती है, और यह निश्चित रूप से वंशानुगत नहीं है। इसलिए, यदि आपके परिवार का कोई बुजुर्ग सदस्य टीबी से प्रभावित है, तो आपको आनुवंशिकी के जाल के माध्यम से इसके संक्रमण के चपेट में आने के बारे में चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।

मिथक-5: टीबी केवल समाज के गरीब और वंचित वर्गों को प्रभावित करती है

तथ्य: बैक्टीरिया, मनुष्यों की तरह भेदभाव नहीं करता है – टीबी बैक्टीरिया के संपर्क में आने वाले किसी भी व्यक्ति को प्रभावित कर सकती है

   यह एक प्रचलित धारणा है कि टीबी केवल उन लोगों को ही प्रभावित करती है जो दरिद्रता और अभावों से भरी जीवन स्थितियों में जीते हैं। लेकिन, यह बात सच नहीं है। गंदे स्थानों और खराब जीवन स्थितियों वाले स्थानों में रोगाणु लंबे समय तक जीवित रह सकते हैं, लेकिन यह कहना कि टीबी केवल उन लोगों को ही प्रभावित करती है जो उन क्षेत्रों में रहते हैं जहां गरीबी व्याप्त है, भ्रामक है। हालांकि कुछ लोगों में इस बीमारी के होने की संभावना अधिक होती है, लेकिन टीबी किसी भी आधार पर अंतर नहीं करती है और किसी भी व्यक्ति को प्रभावित कर सकती है। बैक्टीरिया के संपर्क में आए व्यक्ति में क्षयरोग विकसित होगा या नहीं, यह इस पर निर्भर होता है कि वह कितना स्वस्थ्य है और उसकी प्रतिरक्षा प्रणाली की प्रतिक्रिया कैसी है। इसमें कुछ बाहरी कारक भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मुख्य बिंदु

  तपेदिक, सबसे पुरानी संक्रामक बीमारियों में से एक है, जो हर साल दुनिया भर में लाखों लोगों की जान लेती है। इसकी प्रकृति लगातार विकसित होने वाली है, खासकर अब, जब ऐसी खबरे आ रही हैं कि हवा में ऐसे बैक्टीरिया मौजूद हैं जिनमें दवाईयों के प्रति प्रतिरोध विकसित हो गया है। बीमारी को प्रभावी ढंग से ठीक करने के लिए वैक्सीन और एंटीबायोटिक्स अनुसंधान में तेजी से विकास के बावजूद, पहले से कहीं अधिक मामले सामने आ रहे हैं। एम. ट्यूबरकुलोसिस बैक्टीरिया के अनुकूलन और अधिक से अधिक लोगों को निशाना बनाने के साथ, मानव जाति के सदस्यों के रूप में यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है कि हम खुद को और दूसरों को बीमारी के लक्षणों और रोकथाम के बारे में शिक्षित करें। रोग प्रक्रिया को समझने के लिए, सदियों पुरानी बीमारी और इसकी विनाशकारी यंत्रणाओं के बारे में प्रचलित सबसे आम मिथकों को तोड़ना बहुत महत्वपूर्ण है। यह तभी संभव है जब दुनिया का हर व्यक्ति इनके बारे में शिक्षित हो, तभी हम इस बीमारी के खिलाफ लड़ाई जीतने के लिए एकजुट हो सकते हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top