टीबी के बारे में
टीबी एक संक्रामक रोग है जो माइकोबैक्टेरियम ट्यूबरक्युलोसिस के कारण होता है। यह फेफड़ों और शरीर के अन्य अंगों को प्रभावित करता है। जब कोई इस रोग से ग्रसित होता है वह खांसी और छींक द्वारा हवा में एक तरल पदार्थ छोड़ता है। भारतीय टीबी रिपोर्ट-2022 के अनुसार देशभर में 2021 में लगभग 19 लाख नए मरीज सामने आए जो 2020 की तुलना में 19 प्रतिशत ज्यादा थे। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान और गुजरात में टीबी के ज्यादा मामले पाए गए।
कोरोना महामारी के शुरू होने से पहले दुनियाभर में संक्रामक रोगों से मरने वालों में सबसे ज्यादा टीबी से ही थे। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, निवार्य और साध्य रोग होने के बावजूद 2020 में दुनियाभर में टीबी से करीब 99 लाख लोग पीड़ित हुए जिनमें से करीब 15 लाख लोगों की मौत हो गई। भारत में मरीजों का प्रतिशत सबसे ज्यादा है। टीबी से बचाव में जागरूकता की अहम भूमिका है, इसलिए इसे समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना बहुत आवश्यक है। इसी आवश्यकता को पूरा करने और सही जानकारियों के अभाव को दूर करने के लिए ‘इंडिया फाइट्स टीबी’ की अवधारणा निश्चित की गई ताकि विभिन्न जागरूकता अभियानों के माध्यम से बीमारी की तह तक जाकर मुकाबला किया जाए।