अन्य संचारी रोगों की तरह, तपेदिक (टीबी) भी एक गंभीर बीमारी है – एक संक्रामक बीमारी जो बड़े पैमाने पर फेफड़ों को प्रभावित करती है। टीबी एक जीवाणु के संक्रमण के कारण होती है जो संक्रमित व्यक्ति के खांसने, छींकने या बात करने पर हवा के माध्यम से फैलता है। हालांकि, टीबी के कई अन्य प्रकार भी हैं जिनमें केंद्रीय तंत्रिका तंत्र सहित शरीर के अन्य अत्यधिक संवेदनशील अंग शामिल होते हैं। अब, यह समझना बहुत महत्वपूर्ण है कि धरती से, विशेषकर भारत से टीबी को खत्म करने के लिए प्रयत्न करते समय क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए।
सरकार और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र के सामूहिक प्रयासों के बावजूद, टीबी के बढ़ते मामलों की संख्या में बड़ी गिरावट नहीं देखी गई है। हालांकि, भारत ने 2025 तक इस बीमारी को खत्म करने के लिए कई रणनीतियां अपनाई हैं, लेकिन अगर हम इस बीमारी से लड़ने के लिए सामुहिक रूप से प्रयास करें तो इस बहुत जरूरी और महत्वपूर्ण लक्ष्य को पूरा किया जा सकता है।
यदि उपचार न कराया जाए तो तपेदिक (टीबी) जानलेवा हो सकता है, लेकिन उचित उपचार और देखभाल से इसे ठीक किया जा सकता है। यदि आपको डायग्नोसिस में टीबी होने का पता चला है, तो दूसरों में संक्रमण को फैलने से रोकने और पूरी तरह ठीक होने को सुनिश्चित करने के लिए यह जानना महत्वपूर्ण है कि क्या करें और क्या न करें। इससे इस धरती से टीबी के खतरे को समाप्त करने में सहायता मिलेगी।
नीचे कुछ आवश्यक क्या करें और क्या न करें, सुझाए गए हैं जो टीबी के खिलाफ लड़ाई लड़ने में सहायता करेंगे।
क्या करें
खांसते या छींकते समय अपना मुंह ढक लें: टीबी हवा के माध्यम से फैलती है, इसलिए बैक्टीरिया को फैलने से रोकने के लिए खांसते या छींकते समय अपना मुंह ढंकना जरूरी है। अपने मुंह और नाक को ढकने के लिए टिश्यू पेपर या अपनी कोहनी का इस्तेमाल करें और टिश्यू पेपर को तुरंत ढक्कन लगी हुई डस्टबिन में फेंक दें।
स्वच्छता है महत्वपूर्ण: पर्यावरण के आधार पर, माइकोबैक्टीरियम ट्यूबरकुलोसिस से संक्रमित ये छोटे कण कई घंटों तक हवा में रह सकते हैं, इसलिए संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए स्वच्छता का अच्छी तरह पालन करना महत्वपूर्ण है। अपने हाथों को बार-बार साबुन और पानी से धोएं, खासकर खांसने या छींकने के बाद, और तौलिये, बिस्तर तथा बर्तन जैसी व्यक्तिगत वस्तुओं को साझा करने से बचें।
स्वस्थ आहार का पालन करें: स्वस्थ आहार आपकी प्रतिरक्षा प्रणाली को बेहतर बनाता है और संक्रमण से लड़ने की आपके शरीर की क्षमता में सुधार करने में सहायता कर सकता है। एक बार जब श्वसन तंत्र बैक्टीरिया से संक्रमित हो जाता है या ये इसमें मौजूद रहते हैं और कई गुना बढ़ जाते हैं, तो इन बैक्टीरिया को नष्ट करने के लिए 2-8 सप्ताह में एक प्रतिरक्षा प्रतिक्रिया शुरू हो जाती है। प्रतिरक्षा प्रणाली एमटीबी के तीव्र गुणन को रोकती है और प्रयास करती है कि शरीर में इनके कारण कोई लक्षण दिखाई न दें। इसलिए, मजबूत प्रतिरक्षा बनाए रखने के लिए यह महत्वपूर्ण है। संतुलित आहार लें, जिसमें भरपूर मात्रा में फल, सब्जियां, साबुत अनाज और कम वसा वाला प्रोटीन शामिल हो।
भरपूर आराम करें: टीबी का उपचार थका देने वाला हो सकता है, इसलिए अपने शरीर को ठीक होने में सहायता करने के लिए भरपूर आराम देना जरूरी है। हर रात कम से कम आठ घंटे की नींद का लक्ष्य रखें और कड़ी शारीरिक गतिविधियों को करने से बचें जो आपको थका सकती हैं।
अपनी दवा निर्धारित अनुसार लें: टीबी का इलाज एंटीबायोटिक दवाओं के संयोजन से किया जाता है जिसे कम से कम छह महीने तक लेना चाहिए। दवा को निर्धारित मात्रा और समयसीमा तक लेना महत्वपूर्ण है, भले ही आप कोर्स खत्म होने से पहले बेहतर महसूस करना शुरू कर दें। खुराक चूकने या बहुत जल्दी उपचार रोकने से ड्रग रेजिस्टेंस या दवा प्रतिरोध हो सकता है और संक्रमण का उपचार करना कठिन हो सकता है।
क्या न करें
काम या स्कूल न जाएं: टीबी अत्यधिक संक्रामक है और आसानी से दूसरों में फैल सकती है, इसलिए जब तक आपका डॉक्टर यह न कहे कि घर से बाहर निकलना सुरक्षित है, तब तक काम पर या स्कूल न जाना महत्वपूर्ण है।
भीड़-भाड़ वाली जगहों पर न जाएं: शॉपिंग मॉल, मूवी थिएटर और सार्वजनिक परिवहन जैसी भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें, जहां आप दूसरों को संक्रमित कर सकते हैं।
शराब न पिएं: टीबी की दवाओं से लिवर क्षतिग्रस्त हो सकता है और शराब इस क्षति को और बढ़ा सकती है। जब आप टीबी की दवा ले रहे हों तो शराब पीने से बचें।
धुम्रपान न करें: धूम्रपान आपके फेफड़ों को नुकसान पहुंचा सकता है और आपके शरीर के लिए संक्रमण से लड़ना कठिन बना सकता है। यदि आप धुम्रपान करते हैं, तो इसे छोड़ने का प्रयास करें, या कम से कम जब आप टीबी का उपचार करा रहे हों तो धुम्रपान न करें।
उपचार बहुत जल्दी बंद न करें: टीबी का उपचार एक लंबी प्रक्रिया है जिसके लिए धैर्य और समर्पण की आवश्यकता होती है। यदि आप बेहतर महसूस करने लगें तो भी अपनी दवा लेना जारी रखना महत्वपूर्ण है। बहुत जल्दी उपचार बंद करने से ड्रग रेजिस्टेंट (दवा प्रतिरोध) हो सकता है और संक्रमण को ठीक करना कठिन हो सकता है।
टीबी उन्मूलन की दिशा में रणनीतिक कदम
स्वास्थ्य देखभाल पारिस्थितिकी तंत्र और तपेदिक (टीबी) उपचार के क्षेत्र में नीतियों और उपचार में उल्लेखनीय वृद्धि के बावजूद, यह सबसे घातक संक्रामक बीमारियों में से एक बनी हुई है और इसने विश्वभर में लाखों लोगों की जान ले ली है और यह अभी भी जारी है। हालांकि हाल के वर्षों में टीबी से होने वाली परेशानियों को नियंत्रित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है, फिर भी योजनाओं और राहत कारकों के बेहतर कार्यान्वयन की अभी भी आवश्यकता है। मल्टी-ड्रग रेजिस्टेंस टीबी और व्यापक रूप से दवा-प्रतिरोधी टीबी जैसे उभरते मुद्दे चुनौतीपूर्ण हैं और इस दिशा में हमारे द्वारा की गई प्रगति को बर्बाद करने का खतरा बन रहे हैं।
टीबी के प्रति जागरूकता और ज्ञान का लगातार विस्तार हो रहा है और नए परिवर्तनों को शामिल करने के लिए वैश्विक दिशानिर्देशों को बदला जा रहा है। स्वास्थ्य पेशेवरों और डॉक्टरों को टीबी प्रबंधन में मौजूदा रुझानों के बारे में अपडेट रहने की जरूरत है। लोगों को टीबी के रोगजनन को समझने के लिए सतर्क और अनुकूल रहना चाहिए, विशेष रूप से सामूहिक प्रयास की शक्ति को ध्यान में रखते हुए।
अंततः, यदि निदान में यह पता चला है कि आपको टीबी है, तो यह महत्वपूर्ण है कि आप बताई गई दवाएं लें, स्वच्छता का पूरा ध्यान रखें, स्वस्थ आहार लें और भरपूर आराम करें। स्कूल या काम पर जाने, भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जाने, शराब पीने और धूम्रपान करने से बचें। उचित उपचार और देखभाल से टीबी ठीक हो सकती है और आप अपने सामान्य जीवन में लौट सकते हैं। यदि आपके पास टीबी के बारे में कोई प्रश्न या चिंता है, तो अपने डॉक्टर से बात करें।