टीबी और एचआईवी सहसंक्रमण: रोकथाम और उपचार

संक्रमण स्वयं एक स्वास्थ्य खतरा है और जब यह सह-संक्रमण बन जाता है, तो स्वास्थ्य समस्याएं कई गुना बढ़ जाती हैं। इसी तरह, तपेदिक (टीबी) और मानव इम्युनोडेफिशिएंसी वायरस (एचआईवी) का सह-संक्रमण विश्वभर में एक प्रमुख जन स्वास्थ्य चिंता है। टीबी और एचआईवी दोनों ही वैश्विक स्वास्थ्य खतरा बन गए हैं। इनमें से केवल एक बीमारी का शिकार होना ही किसी के जीवन के लिए घातक हो सकता है, कल्पना करें कि यदि कोई मरीज एक ही समय में दोनों जीवाणुओं से संक्रमित हो तो प्रभाव कितना असहनीय होगा। दोनों बीमारियां अक्सर एक साथ होती हैं, जो सह-संक्रमित लोगों के लिए खतरनाक स्थिति पैदा करती हैं। टीबी जीवाणु माइकोबैक्टीरियम ट्यूबरकुलोसिस के कारण होती है, जबकि एचआईवी एक वायरस है जो प्रतिरक्षा प्रणाली पर आक्रमण करता है। जब किसी व्यक्ति को दोनों बीमारियां होती हैं, तो उसे टीबी और एचआईवी से सह-संक्रमित कहा जाता है।

टीबी और एचआईवी सह-संक्रमण की व्यापकता

 विकासशील देशों में टीबी और एचआईवी का सह-संक्रमण एक महत्वपूर्ण मुद्दा है जहां दोनों बीमारियों के काफी मामले सामने आते हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अनुसार, 2019 में एचआईवी से पीड़ित लगभग 30 प्रतिशत लोगों की मृत्यु टीबी से पीड़ित होने के बाद हुई। दुख की बात है कि विश्वभर में एचआईवी/एड्स से पीड़ित लोगों की मृत्यु का प्रमुख कारण टीबी है। एचआईवी/एड्स के परिणामस्वरूप प्रतिरक्षा प्रणाली कमजोर होने से, मरीज को सभी प्रकार के संक्रमण हो जाते हैं। चूंकि टीबी भारत में कई आम/सामान्य और घातक जीवाणु संक्रमणों में से एक है, यह एचआईवी मरीजों के लिए मृत्यु के प्रमुख कारणों में से एक बन जाता है।

 एचआईवी से प्रतिरक्षा प्रणाली कमजोर हो जाती है, जिससे टीबी से लड़ना मुश्किल हो जाता है, जो एक घातक संयोजन हो सकता है। इसके अतिरिक्त, टीबी एचआईवी के एड्स में बदलने की प्रक्रिया को तेज़ कर सकती है, जिससे लक्षण अधिक गंभीर हो सकते हैं और जटिलताएं होने का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए, दोनों बीमारियों का शीघ्र निदान और उपचार करना महत्वपूर्ण है।

टीबी और एचआईवी संक्रमण के लक्षण

 टीबी और एचआईवी सहसंक्रमण के लक्षण रोग के चरण के आधार पर भिन्न हो सकते हैं। 

टीबी के लक्षण एचआईवी के लक्षण
·       तेज़ खांसी (दो सप्ताह से अधिक समय तक रहने वाली) ·       मरीज की छाती में दर्द होना ·       खांसी के साथ खून या थूक (बलगम) आना ·       थकान या कमजोरी ·       भूख में कमी देखी जाना ·      वजन कम होना ·       ठंड लगना ·       हल्का बुखार ·       रात में पसीना आना ·       हल्का बुखार होना ·      ठंड लगना ·       रैशेज़ ·       रात में पसीना आना ·       मांसपेशियों में दर्द ·       गला खराब होना ·       थकान ·       सूजी हुई लसीका ग्रंथियां ·       मुंह के छाले

 किसी भी एचआईवी मरीज को नियमित जांच कराने की सलाह दी जाती है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उन सभी संक्रमणों का उपचार किया जा सके जिनका शिकार वह कमजोर प्रतिरक्षा के कारण हुआ है। लगातार खांसी या कोई अन्य लक्षण बने रहने पर टीबी की जांच के लिए डॉक्टर से मिलना जरूरी है।

टीबी और एचआईवी सह-संक्रमण की रोकथाम

 टीबी और एचआईवी सहसंक्रमण को रोकने के लिए बहु-आयामी दृष्टिकोण जरूरी है। लोग अच्छी स्वच्छता अपनाकर, टीबी से पीड़ित लोगों के साथ निकट संपर्क से दूर रहकर और टीबी का टीका लगवाकर टीबी के संक्रमण के जोखिम को कम कर सकते हैं। एचआईवी के खतरे को कम करने में सुरक्षित यौन संबंध बनाना, सुई साझा करने से बचना और नियमित रूप से एचआईवी का परीक्षण करवाना शामिल है। इसके अतिरिक्त, उच्च जोखिम वाली आबादी, जैसे गरीबी में रहने वाले या कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली वाले लोगों में टीबी और एचआईवी के प्रसार को कम करने के उद्देश्य से तैयार किए गए कार्यक्रम, सहसंक्रमण को रोकने में सहायता कर सकते हैं।

टीबी और एचआईवी संक्रमण का निदान

 टीबी और एचआईवी सह-संक्रमण का निदान करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है क्योंकि लक्षण अन्य बीमारियों के समान हो सकते हैं। सामान्यता डॉक्टर सबसे पहले मरीज का शारीरिक परीक्षण करता है और दोनों बीमारियों की पुष्टि करने के लिए छाती के एक्स-रे,  स्पूटम कल्चर (थूक का नमूना) और रक्त परीक्षण जैसी जांचे कराने की सलाह देता है।

टीबी और एचआईवी सह-संक्रमण का उपचार

 टीबी और एचआईवी सहसंक्रमण के उपचार में दोनों बीमारियों का एक साथ इलाज करने के लिए दवाओं का संयोजन शामिल है। सामान्यता टीबी के उपचार में एंटीबायोटिक दवाएं शामिल होती हैं जिन्हें संक्रमण को पूरी तरह से खत्म करने के लिए कई महीनों तक लेना पड़ता है। जबकि एचआईवी उपचार में एंटीरेट्रोवाइरल थेरेपी (एआरटी) शामिल है, जो वायरस को खत्म करने और प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत करने में सहायता करती है। टीबी और एचआईवी सहसंक्रमण वाले व्यक्तियों को एक योग्य चिकित्सक से उपचार प्राप्त करने की आवश्यकता होती है जो दोनों बीमारियों के प्रबंधन में अनुभवी हो।

जरूरी बातें

 टीबी और एचआईवी सहसंक्रमण एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या है जो विश्वभर में लाखों लोगों को प्रभावित करती है। इससिए, लोगों को दोनों बीमारियों से जुड़े जोखिमों को समझना चाहिए और सह-संक्रमण के जोखिम को कम करने के लिए कदम उठाने चाहिए। 

 टीबी और एचआईवी सहसंक्रमण के प्रबंधन के लिए शीघ्र निदान और उपचार आवश्यक है। स्वास्थ्य देखभाल प्रदाता/चिकित्सक उन लोगों को उचित देखभाल प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं जो संक्रमित हैं। लोगों को बीमारियों, उनके लक्षणों, रोकथाम व उपचार तथा शुरुआती संकेतों के बारे में जागरूक होने पर ध्यान देने से विश्वभर में व्यक्तियों और समुदायों पर टीबी व एचआईवी सहसंक्रमण के प्रभाव को कम किया जा सकता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top